
आज से पहाड़ों पर होगी बारिश और बर्फबारी ,मौसम के बदलते मिजाज से फिर लौटेगी ठंड
News by – ध्यानी टाइम्स
उत्तराखंड में लगातार मौसम करवट बदल रहा है। राज्य में शुष्क मौसम के कारण अधिकतम तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। दिन में चटख धूप खिलने से देहरादून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में दिन में तपिश महसूस की जा रही है।
हालांकि, ठंडी हवाएं चलने से ठंड महसूस हो रही है। सुबह और शाम में ठिठुरन बरकरार है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी कि शनिवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने की आशंका जताई है। जिससे ठंड बढ़ सकती है।
एक दिन में ही बढ़ गया चार डिग्री तापमान
दून में शुक्रवार को सुबह हल्की धुंध छायी रही, लेकिन दिन भर तेज धूप खिली रही। जिससे दून के तापमान में एक दिन के भीतर ही करीब चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।
ठंडी हवाएं भी छुटा रहीं कंपकंपी
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया, जिसके चलते रातें सर्द बनी हुई हैं। इसके अलावा शाम को हल्की हवाएं भी कंपकंपी छुटा रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले तीन दिन पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।
ऊंचाई पर बारिश और बर्फबारी के आसार
उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्र प्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आंशिक बादलों के बीच 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की वर्षा और बर्फबारी होने के आसार हैं। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने और सुबह हल्का कोहरा छाने की आशंका है।
शहर, अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- देहरादून: 25.8, 6.6
- ऊधमसिंह नगर: 22.3, 5.2
- मुक्तेश्वर: 18.9, 4.4
- नई टिहरी: 18.6, 5.0
मौसम का मिजाज कर सकता है बीमार
देहरादून। सुबह-शाम ठंड और दोपहर में चटख धूप। मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों को बीमार कर रहा है। इस कारण खांसी, जुकाम, बुखार, बदन दर्द के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। सरकारी व निजी अस्पतालों में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि 24 घंटे के अंदर तापमान में लगभग 10 से 12 डिग्री तक का अंतर शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे मौसम में लोगों को सुबह-शाम ठंड का ध्यान रखने की आवश्यकता है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
खासकर बच्चों व बुजुर्गों को एहतियात बरतने की जरूरत है। कभी सर्द तो कभी गर्म मौसम होने के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार जैसी बीमारियां लोगों को परेशान कर रही हैं। सबसे पहले बच्चे इनकी चपेट में आते हैं।